
धरना राजनीति नहीं, जनप्रतिनिधियों के स्वाभिमान की लड़ाई थी; डीएसओ को बुलाकर कराया समाधान
बबलू पाल न्यूज प्रिंट रुद्रपुर। विकास खंड रुद्रपुर में आयोजित हालिया बीडीसी बैठक के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) के खिलाफ ग्राम प्रधानों के धरने को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ द्वारा धरने के पीछे ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम का हाथ होने का आरोप लगाए जाने पर ब्लॉक प्रमुख ने तीखा पलटवार किया है।ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने कहा कि विधायक को हर सकारात्मक पहल के पीछे राजनीति नजर आती है, जबकि बीडीसी बैठक में जो कुछ हुआ वह किसी प्रकार का षड्यंत्र नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों के सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई थी। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों की समस्याओं का समाधान कराना उनकी जिम्मेदारी है और उसी दायित्व का निर्वहन किया गया।उन्होंने बताया कि बीडीसी बैठक के दौरान राशन कार्ड संबंधी आईडी की मांग को लेकर ग्राम प्रधान धरने पर बैठ गए थे। स्थिति को देखते हुए उन्होंने और उनके पति जितेंद्र गौतम ने तत्काल हस्तक्षेप किया तथा जिला पूर्ति अधिकारी को मौके पर बुलाकर प्रधानों की समस्याओं का समाधान कराया।मांग पूरी होने के बाद प्रधान संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह यादव सहित अन्य ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम का आभार व्यक्त किया। रीना गौतम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए वह हमेशा उनके साथ खड़ी रहेंगी तथा विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करती रहेंगी।


