अंगदान दिवस पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में संगोष्ठी, ब्रेन-डेड की स्वीकृति पर दियाजोर
रुद्रपुर। विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर एवं महाराजा अग्रसेन ग्लोबल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित देवभूमि अंगदान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. सीपी भैंसोड़ा ने की। मुख्य वक्ता सेवानिवृत्त पूर्व निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, उत्तराखंड एवं देवभूमि अंगदान केंद्र के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. एलएम उप्रेती रहे।डॉ. एलएम उप्रेती ने कहा कि वह पिछले 30 वर्षों से रक्तदान और अंगदान के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अंगदान के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करना जरूरी है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को जीवन का नया अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि शरीर के कई महत्वपूर्ण अंग दान किए जा सकते हैं और इससे अनेक लोगों को जीवनदान मिल सकता है।उन्होंने कहा कि जीवित व्यक्ति द्वारा एक गुर्दा, लिवर का कुछ हिस्सा, बोन मैरो सहित कुछ अन्य अंग एवं ऊतक दान किए जा सकते हैं, जबकि ब्रेन-डेड व्यक्ति के अंगों का दान कर कई जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाई जा सकती है। उन्होंने अंगदान के विषय को आम लोगों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए हिंदी में पुस्तक भी लिखी है।डॉ. उप्रेती ने कहा कि देश में ब्रेन-डेड की अवधारणा को व्यापक रूप से स्वीकार किए जाने और इसके लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इसके बिना अंगदान के क्षेत्र में अपेक्षित प्रगति संभव नहीं है।मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैंसोड़ा ने कहा कि ब्रेन-डेड से संबंधित आवश्यक कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। साथ ही मेडिकल कॉलेज में अंग बैंक की स्थापना के लिए भी प्रयास शुरू किए जाएंगे।कार्यक्रम में मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. सुमन पांडे, डॉ. सृजन श्रीवास्तव, डॉ. ऋतु रखोलिया, डॉ. जेएस बिष्ट, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. आदित्य, डॉ. वरुण, डॉ. रमनदीप कौर, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. नौशीन नियाज, अनुग्रह जोसफ, सुरेंद्र सिंह भंडारी, डॉ. ललित सिंह, डॉ. कात्यानी सिंह, डॉ. अतनु सेन, पीसी शर्मा, ब्लड बैंक टेक्नीशियन मनीष रावत, आर्यन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन ब्लड बैंक तकनीशियन जवाहर लाल चौधरी ने किया।कार्यक्रम के समापन पर महाराजा अग्रसेन ग्लोबल चैरिटेबल ट्रस्ट एवं देवभूमि अंगदान केंद्र के चेयरमैन कृष्ण मित्तल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इस क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य करते रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।


