कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने फीता काटकर किया उद्घाटन
28 अगस्त को खेली जाने वाली विश्व प्रसिद्ध बग्वाल के साक्षी बनगे सीएम पुष्कर सिंह धामी
दिनेश भट्ट, न्यूज प्रिंट, चम्पावत। जिले के प्रसिद्ध मां बाराही धाम देवीधुरा में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बगवाल मेले का विधिवत रूप से शुभारंभ हो गया। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मेले का उद्घाटन किया। मुख्य आकर्षण बगवाल का आयोजन 28 अगस्त को किया जाएगा। जिसमें लाखों की संख्या में लोग बगवाल के साक्षी बनते हैं।

रविवार को मेला समिति की तैयारियों की बीच अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। इस वर्ष मेला 23 अगस्त से चार सितंबर तक चलेगा, जबकि इसका मुख्य आकर्षण बगवाल 28 अगस्त को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां बाराही के खोलीखाड़ी दुर्वाचौड़ मैदान में खेली जाएगी। जिसमें देश विदेश से लाखों की संख्या में लोग विश्व प्रसिद्ध बगवाल को देखने पहुंचते हैं।
मां बाराही धाम उत्तराखंड के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल है। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध इस मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। मेले का मुख्य आकर्षण बगवाल 28 अगस्त को खोलीखाड़ी के मैदान में होगी। इसमें चार खामों साथ थोक के बगवाली वीर पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर पत्थरों से युद्ध की अनूठी परंपरा का निर्वहन करते हैं। मान्यता है कि यह आयोजन मां बाराही को प्रसन्न करने के लिए सदियों से चला आ रहा है।

जो आज भी पूरी परंपरा के साथ निभाया जाता है। दो सप्ताह तक चलने वाले इस मेले में विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक, खेल, बौद्धिक और शैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। बगवाल मेले के लिए मां बाराही मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। स्थानीय महिलाओं द्वारा आंचलिक परिधानों में प्रस्तुत किया जाने वाला झोड़ा गायन भी मेले का प्रमुख आकर्षण रहेगा। इस दौरान मंदिर समिति और स्थानीय व्यापारियों से धाम को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की सभी लोगों से अपील की है।
शुभारंभ के मौके पर पीठाचार्य कीर्ति बल्लभ जोशी, लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, हयात सिंह, खीम सिंह लमगड़िया, ईश्वर सिंह बिष्ट, राजू बिष्ट, सी-हॉक के चेयरमैन नरेंद्र सिंह लड़वाल, रमेश राणा, मोहन सिंग्वाल, शंकर पांडेय, भुवन गहतोड़ी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुमनलता, प्रकाश सिंह मेहरा, गौरव सिंघवाल, एडीएम कृष्ण नाथ गोस्वामी, मेला मजिस्ट्रेट व पाटी की एसडीएम नीतू डांगर, मेलाधिकारी जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी अनिल जोशी, अमित लमगड़िया, सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


