भुवनेश्वर के लिए खुल सकते हैं वनडे टीम के दरवाजे, अश्विन बोले- विश्वकप में बुमराह के साथ दिख सकते हैं
न्यूज प्रिन्ट नई दिल्ली। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने चार साल के लंबे अंतराल के बाद भारतीय राष्ट्रीय टीम में वापसी की है। न्यूजीलैंड दौरे के लिए उन्हें टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। अब उनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी। पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भुवनेश्वर का प्रदर्शन शानदार रहता है तो वह वनडे टीम में भी वापसी कर सकते हैं।
अश्विन ने कहा कि भुवनेश्वर के लिए यह दौरा काफी अहम साबित हो सकता है। चयनकर्ता उनके प्रदर्शन और फिटनेस पर करीब से नजर रखेंगे। अगर वह गेंद को पहले की तरह स्विंग कराने में सफल रहे और अपनी फिटनेस साबित की, तो वनडे टीम में उनके चयन की संभावनाएं मजबूत हो सकती हैं।
अश्विन के मुताबिक, भुवनेश्वर अगले साल होने वाले 50 ओवर के विश्वकप के लिए भी भारतीय टीम की दौड़ में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर न्यूजीलैंड दौरे पर भुवी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हैं तो उनके लिए वनडे टीम के दरवाजे खुल सकते हैं।
2022 में खेला था आखिरी वनडे
भुवनेश्वर कुमार ने अपना पिछला वनडे मुकाबला वर्ष 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पार्ल में खेला था। इसके बाद वह लंबे समय तक वनडे टीम से बाहर रहे। उत्तर प्रदेश के इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने अब तक भारत के लिए 121 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिसमें उनके नाम 141 विकेट हैं।

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि अगर भुवनेश्वर न्यूजीलैंड में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो चयनकर्ता उन्हें वनडे टीम में शामिल करने पर गंभीरता से विचार कर सकते हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि भुवी अपनी स्विंग और फिटनेस से प्रभावित करते हैं तो जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार की जोड़ी विश्वकप में भारतीय टीम के लिए नजर आ सकती है।
भुवनेश्वर के लिए न्यूजीलैंड दौरा राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह मजबूत करने का बड़ा मौका माना जा रहा है। उनके अनुभव और स्विंग गेंदबाजी को देखते हुए चयनकर्ताओं की नजरें भी उनके प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी।





