spot_img

Gadarpur: कुल्हा में सरकार ने सुनी जनता की समस्याएं, 462 लाभार्थी हुए लाभान्वित

अवश्य पढ़ें

spot_img

गदरपुर में ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर, 721 लोगों ने लिया हिस्सा; 462 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

न्यूज प्रिन्ट गदरपुर, सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लॉक गदरपुर की ग्राम पंचायत कुल्हा स्थित बहुउद्देशीय खेल भवन में ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। दर्जा राज्य मंत्री दीपक मेहरा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, कार्यक्रम संयोजक नरेश हुडिया सहित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया।

मुख्य अतिथि दीपक मेहरा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए जा रहे हैं।

शिविर में पशुपालन विभाग के पांच लाभार्थियों को 2.16 लाख रुपये के चेक और तीन महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। इसके अलावा विभिन्न विभागों की ओर से प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

शिविर में कुल 63 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 48 का मौके पर निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में 721 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि 462 लोग विभिन्न योजनाओं और सेवाओं से लाभान्वित हुए।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से 115 लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें आठ एएनसी जांच, पांच टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, दवाइयों और सेनेटरी पैड का वितरण शामिल रहा। होम्योपैथिक विभाग ने 52 और आयुर्वेदिक विभाग ने 83 लोगों को निशुल्क औषधियां वितरित कीं।

पशुपालन विभाग ने 80 पशुपालकों को निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं और विभिन्न योजनाओं के लिए 20 आवेदन प्राप्त किए। उरेडा को सब्सिडी के पांच आवेदन मिले। डेयरी विभाग में दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन योजना के लिए 10 आवेदन, महिला कल्याण विभाग में चार विधवा पेंशन आवेदन तथा जनजाति विभाग में छह आवेदन प्राप्त हुए।

जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की ओर से चार यूडीआईडी कार्ड बनाए गए। श्रम विभाग ने 11 श्रमिकों का श्रम कार्ड के लिए पंजीकरण किया और तीन श्रमिकों के कार्ड का नवीनीकरण किया।

शिविर में राजस्व, विद्युत, मत्स्य, समाज कल्याण, सैनिक कल्याण, कृषि, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, शिक्षा, उद्योग, सहकारिता, पंचायतीराज और नाबार्ड समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को आवेदन की प्रक्रिया भी समझाई।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान दीपा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य रीना देवी, अतुल पांडे, खंड विकास अधिकारी अतिया परवेज, नोडल अधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन, एलडीएम अमन कुमार समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर