15-20 साल से बदहाल सिंह कॉलोनी की सड़क का होगा कायाकल्प, विधायक शिव अरोरा ने किया शिलान्यास
न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े सिंह कॉलोनी के मुख्य मार्ग के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। जिला योजना से स्वीकृत करीब 440 मीटर लंबे सीसी मार्ग का विधायक शिव अरोरा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में विधिवत शिलान्यास किया। सड़क निर्माण शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया और मिठाई बांटकर आभार व्यक्त किया।
लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाए जाने वाले इस मार्ग की हालत पिछले करीब 15-20 वर्षों से खराब थी। बरसात के दौरान सड़क पर जगह-जगह गड्ढों में पानी भरने और जलभराव की समस्या के चलते लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवाजाही करते हैं।
सिंह कॉलोनी गली नंबर-1 से गली नंबर-8 तक बनने वाला यह मार्ग इंद्रा कॉलोनी, सिंह कॉलोनी, बंगाली कॉलोनी, भूरारानी और शांति विहार समेत आसपास के कई इलाकों को जोड़ता है। सड़क बनने के बाद इन क्षेत्रों में रहने वाली बड़ी आबादी को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

शिलान्यास के दौरान विधायक शिव अरोरा ने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासियों की ओर से सिंह कॉलोनी के मुख्य मार्ग के निर्माण की मांग की जा रही थी। जिला योजना के माध्यम से सड़क को स्वीकृति दिलाकर अब निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद विधानसभा क्षेत्र में कई अन्य डामर सड़कों के निर्माण कार्य भी शुरू कराए जाएंगे। सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। क्षेत्रवासियों ने लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या के समाधान की पहल पर विधायक का आभार जताया।
इस अवसर पर केके दास, पार्षद सुशील चौहान, पार्षद पति गोविंद राय, रविंद्र धामी, मनमोहन वाधवा, गिरीश जोशी, मुकेश वशिष्ठ, डम्पी चोपड़ा, महेंद्र आर्य, रमा देवी, गुरमीत सिंह, संजय आर्य, गणेश सरकार, राजेश कामरा, सोनू गगनेजा, चेतन अरोड़ा, चेतन कुमार, विकास सागर, मयंक कक्कड़, राजकुमार, रवि पांडेय, सुनील यादव, कौशल विश्वास, शुभम अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।





