spot_img

Rudrapr: रुद्रपुर विधानसभा में टिकट को लेकर बढ़ी हलचल, भारत भूषण चुघ भी मजबूत दावेदार

अवश्य पढ़ें

spot_img

न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर की सबसे बड़ी विधानसभा सीट रुद्रपुर में वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर भाजपा के संभावित प्रत्याशी के नाम पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी की रायशुमारी में वर्तमान विधायक शिव अरोरा समेत 16 नेताओं ने दावेदारी पेश की है। ऐसे में टिकट को लेकर राजनीतिक गलियारों में कयासबाजी का दौर जारी है। यदि पार्टी मौजूदा विधायक का टिकट बदलती है तो महापौर विकास शर्मा, भारत भूषण चुघ, धीरेंद्र मिश्रा, अनिल चौहान, एडवोकेट प्रमोद मित्तल और ग्रामीण क्षेत्र से अमित नारंग जैसे नामों पर विचार हो सकता है।

लंबे समय से संगठन में सक्रिय हैं भारत भूषण चुघ

दावेदारों में शामिल भारत भूषण चुघ की पहचान भाजपा के पुराने और सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में है। वह पूर्व जिला पंचायत सदस्य स्व. उर्मिला रानी चुघ के पुत्र हैं और छात्र जीवन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। वर्तमान में वह भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य होने के साथ काशीपुर के प्रभारी भी हैं।

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल का टिकट कटने के बाद भारत भूषण चुघ का नाम भी प्रमुखता से चर्चा में आया था। उस समय उनके नाम पर सहमति बनने की चर्चाएं थीं, लेकिन अंतिम समय में शिव अरोरा को पार्टी ने प्रत्याशी घोषित कर दिया। इसके बाद निकाय चुनाव में भी उन्होंने दावेदारी की, लेकिन भाजपा ने विकास शर्मा को महापौर का टिकट दिया।

अब वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए चुघ एक बार फिर रुद्रपुर सीट से अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं। उन्हें उम्मीद है कि पार्टी इस बार उनकी संगठनात्मक सक्रियता और लंबे समय से किए जा रहे कार्यों को देखते हुए मौका देगी।

समाजसेवा से भी बनाई पहचान

राजनीतिक गतिविधियों के अलावा भारत भूषण चुघ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहे हैं। गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग, जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद करना उनकी सामाजिक गतिविधियों का हिस्सा रहा है। रुद्रपुर में उनकी पहचान एक सक्रिय समाजसेवी के रूप में भी है। अब देखना होगा कि भाजपा नेतृत्व आगामी चुनाव में उनकी दावेदारी पर क्या निर्णय लेता है।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर