न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। पी.एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज बागवाला के प्रधानाचार्य एवं भूगोल प्रवक्ता राजकुमार चौधरी को उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में बेहतर परीक्षाफल देने के लिए शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी नितिन भदौरिया और मुख्य विकास अधिकारी देवेश शाशनी ने उन्हें सम्मान प्रदान किया।
राजकुमार चौधरी के मार्गदर्शन में विद्यालय के 75 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों ने विशेष योग्यता के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की। प्रधानाचार्य और प्रवक्ता की दोहरी जिम्मेदारी निभाते हुए उन्होंने विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता, अनुशासन और बेहतर परीक्षा परिणाम पर विशेष ध्यान दिया। उनके प्रयासों से राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की मिसाल पेश की है।

शिक्षक संगठन में भी निभा रहे अहम भूमिका
राजकुमार चौधरी राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं। संगठनात्मक दायित्वों के साथ वह विद्यालय के शैक्षिक माहौल और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। शिक्षकों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहने के बावजूद उन्होंने शिक्षण कार्य और विद्यालय की प्रगति को प्राथमिकता दी है।
जरूरतमंद छात्राओं की पढ़ाई में करते हैं मदद
शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों में भी राजकुमार चौधरी की विशेष भूमिका रही है। वह आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं की फीस जमा कराने और उनकी पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक सहयोग करते हैं। उनका प्रयास रहता है कि धन की कमी किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा न बने। उनका मानना है कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।
उनके सम्मानित होने पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए बधाई दी। समारोह में मुख्य शिक्षा अधिकारी पुष्करलाल टम्टा और जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बॉक्स : शिक्षा और सामाजिक सेवा का संगम बने राजकुमार चौधरी
राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जरूरतमंद छात्राओं की फीस भरने और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने के उनके प्रयास शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को दर्शाते हैं। उनके नेतृत्व में पी.एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज बागवाला ने परीक्षा परिणाम में बेहतर प्रदर्शन किया है। शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार उनके इसी समर्पण और प्रयासों का सम्मान है।





