न्यूज प्रिन्ट खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने गंगा घाट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने झनकईया और पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाट निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक मेला भारत-नेपाल की सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी संबंधों का प्रतीक है। मेले में उत्तराखंड के साथ उत्तर प्रदेश के पीलीभीत, बरेली, रामपुर, बदायूं और लखीमपुर सहित कई क्षेत्रों से श्रद्धालु व व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज के लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक रीति-रिवाज मेले की विशेष पहचान हैं।
उन्होंने कहा कि सीमांत और जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आवास सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा कॉरिडोर के तहत धार्मिक स्थलों और स्नान घाटों का विकास किया जाएगा। बनशक्ति मंदिर, भारा मल बाबा मंदिर और बनखंडी महादेव मंदिर को भी बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को मेले में सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
मेले में मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश देते हुए जलेबी और सिंघाड़े भी खरीदे। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।





