न्यूज प्रिन्ट खटीमा। कांजाबाग मार्ग स्थित प्राचीन श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में आयोजित रामलीला के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। खर्दूषण का किरदार निभा रहे 22 वर्षीय अमित जोशी मंचन के दौरान तलवार लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी गर्दन और जीभ पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद रामलीला मंच पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, रामलीला में भगवान श्रीराम और खर्दूषण के युद्ध का दृश्य चल रहा था। इसी दौरान युद्ध के अभिनय में गिरते समय अमित के हाथ में मौजूद तलवार की नोक उनकी गर्दन में घुस गई। हादसा अचानक होने के कारण शुरुआत में दर्शकों को लगा कि यह मंचन का ही हिस्सा है, लेकिन कुछ ही देर में वास्तविक स्थिति सामने आने पर वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घायल अमित को तत्काल खटीमा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनका उपचार किया। अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, अमित अब खतरे से बाहर हैं। हालांकि, गंभीर चोटों के चलते उन्हें कई दिनों तक आराम करने की सलाह दी गई है।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश जोशी ने बताया कि अमित अच्छा अभिनय करते हैं। मंचन के दौरान हुआ यह हादसा अप्रत्याशित था, जिससे सभी लोग चिंतित हो गए। घटना के बावजूद कमेटी ने रामलीला का मंचन जारी रखने का निर्णय लिया है।





