न्यूज प्रिन्ट, रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने देर रात पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों के साथ बैठक की। 26 नवंबर की रात 12:30 बजे आयोजित इस बैठक में एसएसपी ने पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाने के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही थाना और चौकी प्रभारियों को क्षेत्र में पुलिस की भौतिक मौजूदगी बढ़ाने तथा पुलिस प्रेजेंस प्रभावी ढंग से दर्ज करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने संवेदनशील मामलों में तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने और थाने-चौकियों में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में प्राथमिकता से कार्रवाई करने के साथ गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश और बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी पहनने, अनुशासन बनाए रखने और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने को कहा गया। अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट किया कि बेहतर पुलिसिंग, आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और अपराध नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





