चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी, मेडिकल पीजी डॉक्टरों के लिए सेवा अनुबंध अनिवार्य
न्यूज प्रिन्ट देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य के विकास, रोजगार, स्वास्थ्य और श्रमिक कल्याण से जुड़े 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में वन आरक्षी भर्ती के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में राहत देने के साथ ही चीनी मिलों को आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया।
कैबिनेट ने चीनी मिलों को ऋण लेने में मदद के लिए 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देने को स्वीकृति दी है। वहीं, मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए सेवा अनुबंध अनिवार्य कर दिया गया है। इससे चिकित्सा सेवाओं में डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
बैठक में सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने को भी मंजूरी दी गई। श्रम विभाग के तहत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन किया जाएगा।
इसके अलावा कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत उत्तराखंड फार्मा संवर्ग के नियमों में संशोधन को मंजूरी दी गई। अब डी फार्मा के साथ बी फार्मा योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी संबंधित पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
कैबिनेट ने खनन क्षेत्र में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दरों में बदलाव को भी मंजूरी दी है। इन फैसलों से प्रदेश में रोजगार, स्वास्थ्य सुविधाओं, श्रमिक सुरक्षा और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।





