महापौर विकास शर्मा ने किया स्वागत, शहर की स्वच्छता और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात
न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। नगर निगम की नवनियुक्त नगर आयुक्त नूपुर वर्मा ने शुक्रवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पौड़ी जनपद से स्थानांतरित होकर पहुंचीं नूपुर वर्मा का नगर निगम कार्यालय में महापौर विकास शर्मा, अधिकारियों, कर्मचारियों और पार्षदों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यभार संभालने के बाद नगर आयुक्त ने निगम अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। साथ ही विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और शहर में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान महापौर के साथ शहर की स्वच्छता व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, नागरिक सुविधाओं और आगामी विकास योजनाओं पर चर्चा की गई।
नूपुर वर्मा इससे पहले पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात रह चुकी हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव से नगर निगम के कार्यों में बेहतर समन्वय और विकास योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
नगर आयुक्त ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाएगा। स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं का विस्तार और जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने टीम भावना से काम करते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की बात कही।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम की टीम शहर के विकास के लिए एकजुट होकर काम कर रही है। नई नगर आयुक्त के अनुभव और सहयोग से विकास कार्यों को और गति मिलेगी।





