spot_img

Rudrapur: बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प को लेकर उधम सिंह नगर में जागरूकता अभियान, कार्यशाला का आयोजन

अवश्य पढ़ें

spot_img

विकास भवन में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यशाला में बाल विवाह, बाल तस्करी और बाल मजदूरी के खिलाफ उठी आवाज, जागरूकता रथ को दिखाई गई हरी झंडी

महिला सशक्तिकरण और बच्चों की शिक्षा को बाल विवाह रोकने का बताया प्रभावी माध्यम, करीब 150 जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा

न्यूज़ प्रिंट, रुद्रपुर। वर्ष 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बाल विवाह, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए प्रथम अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल डेवलपमेंट (आईएसडी) की ओर से विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यशाला में ममता पंत ने बाल अधिकारों, पॉक्सो अधिनियम और पीड़ित बच्चों के पुनर्वास के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों का संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी ने बाल विवाह की रोकथाम में महिला सशक्तिकरण की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी रेणु यादव ने बाल विवाह निषेध कानून और इसके सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया। वहीं एसीएमओ डॉ. गुप्ता ने कहा कि कम उम्र में विवाह होने से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बताया कि निर्धारित उम्र में ही शरीर पूरी तरह परिपक्व होता है और व्यक्ति पारिवारिक व सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने में सक्षम बनता है।

आईएसडी के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन की पहल और देशभर के सामाजिक संगठनों के सामूहिक प्रयासों से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल ने बाल विवाह के मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बाल कल्याण समिति की सदस्य चंद्रकला राय ने कहा कि परिवार में बच्चों के साथ संवाद की कमी भी बाल अपराधों का एक कारण बन सकती है। चाइल्ड लाइन कोऑर्डिनेटर चांदनी ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए इसकी उपयोगिता बताई।

कार्यक्रम का संचालन कर रहीं आईएसडी की परियोजना निदेशक बिंदु वासिनी ने शिक्षा को विकास की कुंजी बताते हुए कहा कि माता-पिता का दायित्व है कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और उनकी शिक्षा सुनिश्चित करें।

शपथ के साथ निकाला मशाल जुलूस, जागरूकता रथ रवाना

अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों, सरकारी कार्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल विवाह के खिलाफ लोगों को शपथ दिलाई गई। आईएसडी के कार्यकर्ताओं ने महिलाओं के नेतृत्व में मशाल जुलूस भी निकाला। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत और परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी ने हरी झंडी दिखाकर बाल विवाह मुक्ति रथ को रवाना किया। यह रथ विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इसकी रोकथाम के प्रति जागरूक करेगा।

कार्यक्रम में जादूगर राकेश श्रीवास्तव ने जादू के करतबों के माध्यम से मनोरंजन के साथ बाल विवाह, बाल तस्करी और बाल मजदूरी की रोकथाम का संदेश दिया।

कार्यशाला में आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के साथ पैरालीगल वालंटियर्स ने भी प्रतिभाग किया। इस अवसर पर सीडीपीओ आशा नेगी, वन स्टॉप सेंटर से कविता बडोला, सुपरवाइजर प्रतिभा गंगवार, आशा अधिकारी सहित करीब 150 जमीनी स्तर के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर