लीलाधर हत्याकांड में पुलिस कार्रवाई की प्रमोद मित्तल ने की सराहना, धामी और एसएसपी का जताया आभार
न्यूज प्रिन्ट, रुद्रपुर। रेशमबाड़ी क्षेत्र में हुए लीलाधर हत्याकांड के मामले में ऊधम सिंह नगर पुलिस की कार्रवाई की भाजपा जिला मंत्री एवं प्रभारी पंतनगर मंडल प्रमोद मित्तल एडवोकेट ने सराहना की है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और एसएसपी मणिकांत मिश्रा का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
प्रमोद मित्तल ने कहा कि घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य फरार आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि एसएसपी मणिकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने जिस तेजी से कार्रवाई की है, उससे अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। देवभूमि में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। आम नागरिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
पीड़ित परिवार से जताई संवेदना
प्रमोद मित्तल ने लीलाधर के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अपील की कि परिवार सरकार और पुलिस पर भरोसा बनाए रखे। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार और पुलिस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हैं। मामले की निष्पक्ष जांच और न्यायालय में प्रभावी पैरवी के माध्यम से दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, एसएसपी मणिकांत मिश्रा और ऊधम सिंह नगर पुलिस की टीम का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि पुलिस इसी गंभीरता से मामले की विवेचना पूरी कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में कार्रवाई जारी रखेगी।





