न्यूज प्रिन्ट, रुद्रपुर। रेशमबाड़ी हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने 28 नवंबर को रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर कार्रवाई की। इस दौरान मुठभेड़ में आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर के दाहिने पैर में गोली लग गई।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर ले जाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर (25) पुत्र पप्पू, निवासी रेशमबाड़ी, रुद्रपुर के रूप में हुई है।
अवैध तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी रेशमबाड़ी प्रकरण में कोतवाली रुद्रपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 618/2026 में वांछित चल रहा था।
पुलिस की कार्रवाई जारी
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





