न्यूज़ प्रिन्ट, किच्छा। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अगले महीने 15 जुलाई तक किच्छा में चुनाव कराने की तैयारी में है। इससे पहले 15 दिन का सदस्यता अभियान चलाया जायेगा। चुनाव संचालन समिति ने किस जगह के दुकानदारों की उनकी परिधि में रखा जायेगा इसके बारे में भी बताया।
गुरुवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने बताया कि चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जायेगा। चुनाव से पहले 15 जून से 30 जून तक सदस्यता अभियान चलाया जायेगा। जिसके लिए तीन स्थानों पर सदस्य बनाये जायेंगे, इसमें उन लोगों को जोड़ा जायेगा जिनके पास नगर पालिका क्षेत्र में जीएसटी नंबर है। अगर व्यापारियों के पास जीएसटी नंबर नहीं है तो उनके लिए एक विशेष फार्म हमारे द्वारा उपलब्ध कराया जायेगा।
बात अगर परिधि की करें तो महाराणा प्रताप चौक से गोला नदी तक, एमपी चौक से हल्द्वानी बाईपास चौक तक, हल्द्वानी बाईपास से आदित्य चौक और आंबेडकर चौक होकर बरेली रोड पर गोपाल कृष्ण अग्रवाल के पम्प तक, आंबेडकर चौक से दरउ रोड पर गुरुनानक फ्लोर मिल तक, आदित्य चौक से पनचक्की तक के मुख्य मार्ग के व्यापारी इसमें शामिल होंगे। इसके अलावा नगर पालिका क्षेत्र के सभी जीएसटी नंबर रखने वाले लोगों को शामिल किया जायेगा।
बताया की पुलभट्टा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर, सिरौली, देवरिया, आजादनगर को इसमें शामिल नहीं किया गया है। बताया कि मीट, मछली, हेयर कटिंग, ब्यूटी पार्लर और शराब की दुकानों सहित स्कूल, वकीलों और चिकित्सकों को सदस्य नहीं बनाया जायेगा।
कहा कि सदस्यता अभियान को पूरा करने के बाद करीब 15 जुलाई तक चुनाव कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने सभी व्यापारियों से सदस्यता कि रसीद को संभाल कर रखने की भी अपील कि है। वहां पर सतपाल गाबा, विनोद फुटेला, प्रकाश गोयल आदि मौजूद रहे।