न्यूज प्रिन्ट, देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,690 करोड़ रुपये भेजे गए। उत्तराखंड के 8.08 लाख से अधिक किसानों को भी 161.96 करोड़ रुपये की धनराशि मिली।
किसानों को आर्थिक मजबूती दे रही योजना
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑडिटोरियम में आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने किसानों को बधाई देते हुए कहा कि योजना की शुरुआत वर्ष 2019 में प्रदेश के करीब चार लाख किसानों से हुई थी, जबकि अब आठ लाख से अधिक किसान इसका लाभ उठा रहे हैं।
खेती को लाभकारी बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। प्रदेश में सिंचाई निःशुल्क की गई है तथा किसानों के लिए बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 115 करोड़ रुपये के निवेश से 350 से अधिक आधुनिक पॉलीहाउस तैयार किए गए हैं। वहीं, पर्वतीय खेती को बढ़ावा देने के लिए एक हजार करोड़ रुपये की जलवायु अनुकूल कृषि परियोजना को मंजूरी दी गई है।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बाजार
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सरकार लैवेंडर और अन्य औषधीय फसलों की खेती को प्रोत्साहित कर रही है, जिससे किसानों की आय और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। कार्यक्रम में विधायक बृजभूषण गैरोला, किसान आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौधरी सहित कृषि विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।





