न्यूज प्रिन्ट देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की रणनीति तैयार की है। पार्टी 23 से 25 अक्तूबर तक प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकालेगी। इसके बाद 27 अक्तूबर को गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान घेराव किया जाएगा। कांग्रेस ने एक नवंबर को वोट चोरी के मुद्दे पर दिल्ली कूच और चार नवंबर को भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने का भी एलान किया है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने हरिद्वार बाईपास रोड स्थित एक होटल में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ पत्रकार वार्ता कर आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रदेश सरकार के खिलाफ जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन करेगी।
पार्टी की योजना के तहत 23 से 25 अक्तूबर तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकालकर जनता के बीच मुद्दे उठाए जाएंगे। इसके बाद 27 अक्तूबर को गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान घेराव कर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा।
कांग्रेस ने एक नवंबर को वोट चोरी के मुद्दे पर देशव्यापी अभियान के तहत दिल्ली कूच करने का कार्यक्रम भी तय किया है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता दिल्ली के रामलीला मैदान में जुटेंगे।

इसके अलावा चार नवंबर को उन जिलों में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा, जहां धामी सरकार के कार्यकाल में जमीनों की नीलामी, कथित धांधली और भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं। कांग्रेस का कहना है कि इन कार्यक्रमों के जरिए सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरा जाएगा।





