देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने सेना से सेवानिवृत्त होने जा रहे अग्निवीरों को प्रदेश में सेवा का अवसर देने की दिशा में कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दो अग्निवीरों को 40वीं वाहिनी प्रादेशिक सशस्त्र बल (पीएसी) में रिक्त पदों के सापेक्ष समायोजित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
दोनों जवान अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और नवंबर 2026 में सेवानिवृत्त होने जा रहे पहले बैच का हिस्सा हैं। भारत सरकार के संयुक्त सचिव की ओर से उत्तराखंड के इन दोनों अग्निवीरों के समायोजन के संबंध में पत्र भेजा गया था। इसके बाद राज्य सरकार ने प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अग्निवीर सेना में सेवा के दौरान अनुशासन, कौशल और अनुभव हासिल करते हैं। उनकी ये क्षमताएं प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जिम्मेदारियों में उपयोगी साबित हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि देश की सेवा कर चुके युवाओं को प्रदेश की सेवा करने का भी अवसर मिले। दोनों अग्निवीरों के समायोजन से उन्हें सेना में सेवा के बाद भी रोजगार और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था में योगदान देने का अवसर मिलेगा।





