न्यूज प्रिन्ट देहरादून। लोकभवन के बाहर प्रदर्शन करना कांग्रेस नेताओं को भारी पड़ गया। कैंट थाना पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत समेत 40 से अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें 30 नेताओं को नामजद किया गया है, जबकि 10 से 15 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर लोकभवन के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जारी निर्देशों के उल्लंघन का आरोप है।
मामले में पुलिस ने लोक सेवक के आदेश की अवहेलना और लोक सेवक पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग करने से संबंधित आरोपों के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस का कहना है कि नामजद नेताओं के साथ प्रदर्शन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान हुए घटनाक्रम और उससे जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।





