न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। रुद्रपुर के गंगापुर लोहरी और गंगापुर पटिया क्षेत्र में शनिवार दोपहर अचानक लगी आग ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया। आग की चपेट में आकर करीब 34 एकड़ भूमि में तैयार गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस घटना से किसानों को करीब 15 से 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि दोपहर बाद अचानक खेतों में आग लग गई, जिसके बाद किसानों ने खुद ही आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अधिकांश फसल जल चुकी थी। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

इस आग में कई किसानों की फसल प्रभावित हुई है। गंगापुर लोहरी में अवधेश कुमार सिंह, आदित्य कुमार सिंह, अमित कुमार सिंह, अनुग्रह कुमार सिंह, कमलेश कुमार सिंह और कमला सिंह की करीब 8 एकड़, अविनाश कुमार, सुधीर कुमार अरोरा और रजनीश अरोरा की 10 एकड़, तथा अरविंद कुमार सिंह और विनय कुमार सिंह की 11 एकड़ भूमि में खड़ी गेहूं की फसल जल गई। वहीं गंगापुर पटिया में हरविंदर सिंह की 5 एकड़ फसल भी आग की चपेट में आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला मौके पर पहुंचे और किसानों से मुलाकात कर हाल जाना। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द आर्थिक मुआवजा देने की मांग की।
वहीं गंगापुर के पटवारी विक्रम चौहान ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू किया। उन्होंने बताया कि करीब 12 किसानों की फसल को नुकसान हुआ है और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
किसान विक्रमजीत सिंह विर्क सहित अन्य किसानों ने शासन-प्रशासन से नुकसान की भरपाई और शीघ्र राहत देने की मांग की है।


