न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर । युग पुरुष स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित अस्मिता जूनियर नेशनल पेंचक सिलाट गर्ल्स लीग 2026 में उत्तराखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के नेतृत्व में इंडियन पेंचक सिलाट फेडरेशन के सहयोग से किया गया।
देशभर से करीब 500 से अधिक बालिका खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उत्तराखंड की 7 सदस्यीय टीम ने भी इसमें भाग लिया और बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।
प्री-टीन आर्टिस्टिक टीम रेगु इवेंट में मिशिता राव, नंदिनी देओ और आराध्या चौहान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर तीनों खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा 36 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रतियोगिता के पदाधिकारियों द्वारा विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों के कोच एवं पेंचक सिलाट एसोसिएशन उत्तराखंड के सचिव बाबलू दिवाकर ने खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है और भविष्य में ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगी।
खबर व विज्ञापन के लिए संपर्क करें 98376 11839


