न्यूज प्रिन्ट, हरिद्वार। हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र में चंडी चौकी के पास बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने स्कूटी सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान प्रवेश (40) निवासी कांगड़ी के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी को छोड़कर हरिद्वार की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्हें संभलने का कोई मौका नहीं मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में सवार युवक नशे की हालत में थे। हादसे के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ते हुए अन्य वाहनों को भी टक्कर मार दी। इस दौरान कई लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात उस समय बिगड़ गए जब पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच धक्का-मुक्की और पथराव भी हुआ।
स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने हादसे में शामिल कार और उसमें सवार चारों युवकों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।


