न्यूज प्रिन्ट, किच्छा। भारतीय जनता पार्टी की रायशुमारी के दौरान जोरदार हंगामा हो गया। एक दावेदार ने मण्डल अध्यक्ष पर उसको कांग्रेसी कहकर आवेदन पत्र लेने से मना करने का आरोप लगाया है। दावेदार के पक्ष में आये अन्य नेताओं ने इसका विरोध किया तो हंगामा बढ़ गया। रायशुमारी के दौरान भाजपा से अध्यक्ष पद पर टिकट के लिए 21 दावेदारों ने अपना आवेदन पत्र दिया है। दरअसल, निकाय चुनाव के मद्देनजर किच्छा में भाजपा के शीर्ष पदाधिकारियों ने स्थानीय पदाधिकारियों से अध्यक्ष व सभासद पद के लिए नाम मांगें हैं। जिसके लिए गुरुवार को चीनी मिल के गेस्ट हाउस में रायशुमारी बैठक का आयोजन किया गया है। जिसमें दावेदारी करने वालों के आवेदन पत्र भी लिए जा रहे हैं। इस दौरान शहर के वार्ड 7 से रोहित सक्सेना ने भी दावेदारी की है। रोहित के अनुसार जब उन्होंने अपना आवेदन पत्र मण्डल अध्यक्ष मनमोहन सक्सेना को दिया तो उन्होंने उनको कांग्रेसी कहते हुए आवेदन पत्र लेने से मना कर दिया। इस पर रोहित ने ना सिर्फ आपत्ति जताई बल्कि अजय तिवारी और विवेकदीप सिंह को इसकी जानकारी भी दी। इसके बाद दोनों नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि जब वो भाजपा का सदस्य है तो उसको कांग्रेसी कहकर पुकारना गलत है। और इनकी दावेदारी को स्वीकार किया जाना चाहिए।
इस पर उनके बीच जोरदार हंगामा होना शुरू हो गया। जिलाध्यक्ष कमल जिंदल और प्रभारी पुष्कर काला की मौजूदगी में काफी देर चले हंगामे के बाद मामला शांत हुआ। हालांकि, मण्डल अध्यक्ष ने साफ कर दिया कि अगर किसी ने भी कांग्रेस को चुनाव लड़वाया है तो मैं उसका आवेदन स्वीकार नहीं करूंगा, चाहे कुछ हो जाये। बहरहाल, अनुशासन का दम भरने वाली भाजपा के पदाधिकारियों का इस पर आपस में भिडऩा शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इन्होंने किया आवदेन
भाजपा से विवेक राय, सन्दीप अरोरा, लवी सहगल, सचिन चावला, दिनेश भाटिया, पूनम अग्रवाल, महेंद्र पाल, मीना शर्मा, राजीव सक्सेना, सुभाष तनेजा, लता सिंह, कमलेन्द्र सेमवाल, संजीव सिंह, विजय अरोरा, शैली फुटेला, नरेंद्र सिंह टाकुली, स्वतंत्रत राय, किशन गोयल, गौरव लूथरा, डॉ. एके गुप्ता, संजीव खन्ना ने दावेदारी की है।
लिस्ट से बाहर लोगों ने भी डाली पर्ची
किच्छा। रायशुमारी के दौरान भाजपा पदाधिकारियों से इतर अन्य लोगों के द्वारा पर्ची डालना चर्चा में रहा। बताया जा रहा है कि रायशुमारी के दौरान एक बॉक्स रखा गया, जिसमें मौके पर पहुंचे अन्य लोगों ने भी अपने-अपने चहेते के नाम की पर्ची डालना शुरू कर दिया। ऐसे होने की चर्चा में कुछ दावेदारों ने बाहर से लोगों को बुलाकर पेटी में पर्ची डालने का काम किया। जिसको देख वहां मौजूद वरिष्ठ भाजपाइयों ने नाक मुंह टेड़े करना शुरू कर दिया।
गेट पर भिड़े युवा भाजपाई
किच्छा। रायशुमारी के दौरान चीनी मिल गेस्ट हाउस के गेट पर दो युवा भाजपा पदाधिकारी आपस में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि यूथ भाजपा अध्यक्ष और महामंत्री के बीच पहले से विवाद है। जिसके चलते आज जब दोनों का आमना-सामना हुआ तो उनमें किसी बात को लेकर बहस हो गयी।