न्यूज प्रिन्ट देहरादून /किच्छा । विधानसभा सत्र के दौरान किच्छा विध ायक तिलक राज बेहड़ ने प्रदेश में गहराती आवारा और छुट्टा पशुओं की समस्या को लेकर सदन का ध्यान आकर्षित किया। नियम-300 के अंतर्गत इस गंभीर जनहित के विषय को उठाते हुए विधायक बेहड़ ने कहा कि किच्छा सहित पूरे उत्तराखंड में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर बेखौफ घूम रहे आवारा पशु आम जनमानस के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।

उन्होंने सरकार से इस समस्या के स्थाई और ठोस समाधान के लिए प्रभावी नीति बनाने की मांग की। विधायक बेहड़ ने सदन को अवगत कराया कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था इन पशुओं के कारण चरमरा गई है। विशेष रूप से रात्रि के समय सड़कों के बीचों-बीच पशुओं के जमावड़े से आए दिन भीषण सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और दर्जनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने किसानों का पक्ष रखते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा पशु रात के अंधेरे में खड़ी फसलों को तहस-नहस कर रहे हैं, जिससे काश्तकारों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

अपनी फसल बचाने के लिए किसान कड़ाके की ठंड और असुरक्षित माहौल में रात-भर खेतों में पहरा देने को मजबूर हैं। सदन में अपनी बात रखने के बाद विधायक तिलक राज बेहड़ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से व्यक्तिगत मुलाकात कर किच्छा विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र की दो प्रमुख सड़कोंख्न अटरिया-नगला रोड तथा शिमला पिस्तौर-कुर्रेय्या रोड के अविलंब निर्माण की पुरजोर मांग उठाई।

विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि इन सड़कों की जर्जर हालत के कारण हजारों ग्रामीणों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने विध ायक की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक स्वीकृति और त्वरित कार्यवाही के निर्देश देने का आश्वासन दिया है।

रुद्रपुर। खबर व विज्ञापन के लिए संपर्क करें। 9837611839


