33.1 C
Rudrapur
Thursday, March 26, 2026

ठुकराल के ऐलान से सियासी हलचल तेज, कांग्रेस से चुनाव लड़ने के दावे पर उठे सवाल

अवश्य पढ़ें

न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी समय है, लेकिन रुद्रपुर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस बार चर्चा के केंद्र में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल हैं, जिन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया के जरिए रुद्रपुर सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।

भाजपा से निष्कासन के बाद पिछले चार वर्षों से ठुकराल लगातार सक्रिय रहे, लेकिन वह किसी भी प्रमुख दल में अपनी जगह नहीं बना पाए। भाजपा में उन्हें विधायक शिव अरोड़ा के विरोध का सामना करना पड़ा, जबकि कांग्रेस में भी पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा का विरोध सामने आया। यही वजह रही कि लंबे समय से वे किसी दल में औपचारिक रूप से शामिल नहीं हो सके।

बीते समय में उन्होंने नगर निगम चुनाव में मेयर पद की दावेदारी भी जताई थी, लेकिन वह भी सफल नहीं हो पाई। ठुकराल का दावा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें मेयर चुनाव न लड़ने पर सम्मान देने का आश्वासन दिया था, हालांकि एक वर्ष बीतने के बाद भी वह राजनीतिक रूप से हाशिए पर नजर आ रहे हैं।

इस बीच ठुकराल और विधायक शिव अरोड़ा के बीच बयानबाजी लगातार तेज रही है, जिससे दोनों नेताओं के बीच दूरी और बढ़ती गई। कुछ दिन पहले एक धार्मिक कार्यक्रम में दोनों नेताओं के गले मिलने से सियासी माहौल में नरमी की उम्मीद जगी थी, लेकिन यह अधिक समय तक नहीं टिक सकी।

ताजा घटनाक्रम में ठुकराल ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस से चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला और कहा कि कोई भी ताकत उन्हें चुनाव लड़ने से नहीं रोक सकती। हालांकि, उनका यह दावा सवालों के घेरे में है, क्योंकि वे अभी तक कांग्रेस में औपचारिक रूप से शामिल नहीं हुए हैं और न ही पार्टी की ओर से कोई अधिकृत घोषणा की गई है।

ठुकराल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि जब वह कांग्रेस में शामिल ही नहीं हैं तो किस आधार पर टिकट का दावा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने अभी तक किसी भी विधानसभा सीट पर प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से इस मामले पर स्पष्ट रुख रखने की मांग की है।

फिलहाल ठुकराल के इस ऐलान के बाद रुद्रपुर की राजनीति गरमा गई है और सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हैं। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि ठुकराल कांग्रेस से चुनाव लड़ते हैं या कोई नया राजनीतिक रास्ता अपनाते हैं।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर