रुद्रपुर। जिला प्रशासन ने रोडवेज की जमीन पर बने एक दर्जन से अधिक घरों को खाली करवाया। प्रशासन ने अतिक्रमण पर बुल्डोजर भी चलाया। इस कार्यवाही से लोगों में हड़कंप मच गया है। लोगों ने भाजपा सरकार को कोसते हुए दु:ख जताया है।

बता दें कि रुद्रपुर रोडवेज परिसर के पीछे जमीन पर एक दर्जन से अधिक परिवर घर बनाकर वर्षों से रह रहे थे। इस जमीन को रोडवेज की जमीन बताया जा रहा है। जिसको लेकर स्थानीय लोगों और रोडवेज प्रशासन का वाद माननीय उच्च न्यायालय में चल रहा था, जिसे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया। जिसके बाद सोमवार को प्रशासन ने उक्त लोगों के घरों पर नोटिस चस्पा कर ध्वस्तीकरण की चेतावनी दी थी। जिसके उपरांत आज जिला प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में लोगों के घरों को तोडऩा शुरू कर दिया है। घरों पर बुल्डोजर चलने से वर्षों से निवास कर रहे लोगों के आंखों में आंसू आ गये।
बता दें कि प्रशासन ने रोडवेज परिसर के किनारे बनी करीब 55 दुकानों को भी तोडऩे के नोटिस दिये हैं। जिसको लेकर लोगों में भारी आक्रोश है।
लोगों को कहना है कि भाजपा को वोट देने के बाद भी हमें आज ये दिन देखना पड़ रहा है। लोगों ने कहा कि वोट लेने के लिये लोग हमारे दरवाजे पर आये थे लेकिन आज जब प्रशासन हमारी छत को तोड़ रहा है तो कोई भी नेता हमारी मदद को आगे नहीं आ रहा है।