ऑडियो वायरल होने के बाद मीना ने खोला मोर्चा
न्यूज प्रिन्ट, रुद्रपुर। महानगर की राजनीति का केन्द्र बिन्दु बन चुके राजकुमार ठुकराल को कांग्रेस में एंट्री मिलना मुश्किल होता जा रहा है। खबर है कि लाख कोशिश के बावजूद ठुकराल को कांग्रेस ने मना कर दिया है। इसका कारण उनके खिलाफ जारी ऑडियो को आधार बनाकर कांग्रेस नेत्री मीना शर्मा द्वारा मोर्चा खोलना है। हाल के दिनों में एक ऑडियो काफी वायरल हो रही है जो पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के लिये आफत बन गया है। ऑडियो वायरल होने के बीच पूर्व विधायक ठुकराल को लेकर चर्चा है कि वो कांगे्रस ज्वाइन कर मेयर का चुनाव लड़ सकते हैं। खुद ठुकराल भी देहरादून तक के नेताओं से संपर्क भी साध रहे हैं। लेकिन उनके कांग्रेस में जाने को लेकर यही ऑडियो आड़े आ रहा है। कांग्रेस नेत्री मीना शर्मा ने दिल्ली में डेरा डाला हुआ है।
मीना ने ऑडियो को आधार बनाकर पूर्व विधायक के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। मीना का आरोप है कि पूर्व विधायक महिलाओं के बारे में खराब सोच रखते हैं। ऐसे में अगर कांग्रेस उनको पार्टी में लेती है तो कांग्रेस को बड़ा नुकसान होगा। मीना, ठुकराल से जुड़ी ऑडियो कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को दिखाकर उनके के लिये ब्रेक लगाने की कोशिश कर रही है। अब इस कोशिश में वह कितना सफल हैं, इसका अंदाजा हाल के दिनों में ठुकराल के बयान से लगाया जा सकता है। एक दैनिक अखबार को दिये बयान में ठुकराल ने आजाद चुनाव लडऩे के भी संकेत दिये हैं। ऐसे में साफ है कि कांग्रेस ने ठुकराल की एंट्री पर ब्रेक लगा दिया है।