–पुरानी तहसील भवन में बनेगी अत्याधुनिक सुविधायुक्त लाइब्रेरी- महापौर और सीडीओ ने किया प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण- प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए होगा बुक बैंक- कंप्यूटर, इंटरनेट और प्रशिक्षण केंद्र भी होगा स्थापित
बबलू पाल न्यूज प्रिंट रुद्रपुर। शहर के युवाओं को जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी की सौगात मिलने जा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को एक बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम और जिला प्रशासन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कवायद तेज कर दी हैं। गुरुवार को महापौर विकास शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, नगर निगम अधिकारियों और संबंधित विभागीय टीम के साथ पुरानी तहसील परिसर में प्रस्तावित डिजिटल लाइब्रेरी के लिए चिन्हित भवन का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भवन की संरचना, उपलब्ध स्थान, आवश्यक संसाधनों तथा भविष्य की जरूरतों का विस्तृत आकलन किया। लाइब्रेरी को आधुनिक स्वरूप देने के लिए भवन में किए जाने वाले आवश्यक बदलावों और सुविधाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में रुद्रपुर के युवाओं को आधुनिक शिक्षा संसाधनों से जोड़ने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए उन्होंने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से किच्छा बाईपास रोड, खेड़ा स्थित पूर्व रजिस्ट्री कार्यालय की खाली पड़ी सरकारी इमारत उपलब्ध कराने का आग्रह किया था, जिस पर सकारात्मक सहमति मिल चुकी है।महापौर ने कहा कि प्रस्तावित डिजिटल लाइब्रेरी केवल एक पुस्तकालय नहीं होगी, बल्कि इसे आधुनिक शिक्षा एवं करियर निर्माण का केंद्र बनाया जाएगा। यहां विद्यार्थी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अध्ययन कर सकेंगे। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं, सिविल सेवा, बैंकिंग, एसएससी, राज्य स्तरीय परीक्षाओं तथा अन्य उच्च शिक्षा की तैयारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे। भविष्य में इसे कोचिंग एवं स्किल डेवलपमेंट सेंटर के रूप में भी विकसित करने की योजना है, जिससे युवाओं को अपने शहर में ही गुणवत्तापूर्ण अध्ययन और प्रशिक्षण की सुविधा मिल सके।महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आशीर्वाद और जिला प्रशासन के सहयोग से यह परियोजना शीघ्र धरातल पर उतरेगी और रुद्रपुर के विद्यार्थियों को समर्पित की जाएगी। इससे हजारों युवाओं को पढ़ाई के लिए आधुनिक और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध होगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने कहा कि शासन प्रशासन की मंशा है कि युवाओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जाए। इसी उद्देश्य से जनपद के विभिन्न विकासखंडों में लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि महापौर विकास शर्मा के विशेष प्रयासों से रुद्रपुर में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिला प्रशासन इस परियोजना को लेकर पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है और जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने भी पुराने तहसील भवन में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है।उन्होंने बताया कि जल्द ही डिजिटल लाइब्रेरी का विस्तृत डिज़ाइन और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जाएगा। इसके बाद निर्माण एवं विकास कार्य शुरू किए जाएंगे ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।प्रस्तावित डिजिटल लाइब्रेरी वातानुकूलित और हाईटेक होगी। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए समृद्ध बुक बैंक, उच्च गति का इंटरनेट, कंप्यूटर लैब, डिजिटल अध्ययन सामग्री, ई-लर्निंग सुविधाएं, शांत अध्ययन कक्ष तथा अन्य आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए समय-समय पर करियर काउंसलिंग और प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे रुद्रपुर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का एक प्रमुख केंद्र बन सके।निरीक्षण के दौरान पार्षद पवन राण, पार्षद विष्णु सिंह, व्यापार मण्डल महामंत्री मनोज छाबड़ा, राजू नबियाल, अमित अरोरा बॉबी आदि समेत कई लोग मौजूद थे।


