किच्छा। नेशनल हाईवे पर चुकटी देवरिया स्थित टोल प्लाजा पर कर्मचारियों व भाजपा नेताओं के बीच हुआ विवाद आंदोलन की राह पकड़ सकता है। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों का गुस्सा टोल कर्मचारियों के खिलाफ फूट रहा है। इस मामले में पुलिस मुकद्मा भी दर्ज कर चुकी है।
वहीं, टोल प्रशासन ने भी पूरी घटना की वीडियो फुटेज एनएचएआई के उच्च अधिकारियों सहित संबंधित मंत्रालय को भेज दी है। बता दें कि शनिवार रात को चुकटी देवरिया स्थित टोल प्लाजा पर टोल टैक्स को लेकर कर्मचारियों व भाजपा नेताओं में विवाद हो गया है। पूरे विवाद से जुड़े कुछ वीडियो सोशल पर भी घूमने लगे। जिसमें ब्लॉक प्रमुख पति व लालपुर नगर पंचायत अध्यक्ष के पुत्र कुछ अन्य लोगों के साथ दिखायी दे रहे हैं।

टोल प्रशासन की तहरीर पर पुलिस ने मेयर पुत्र, ब्लॉक प्रमुख सहित दस से पन्द्रह लोगों के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुकद्मा दर्ज करने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूटने लगा। सोशल मीडिया पर बड़ी सं या में लोगों का कहना है कि टोल प्लाजा पर कर्मचारियों के द्वारा अभद्रता की जाती है, जिस कारण ही विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है। लोगों ने स्थानीय लोगों से टोल टैक्स की वसूली को भी अवैध करार दिया है। एक यूजर ने विवाद के बीच बड़े आंदोलन की भी चेतावनी दी है। पूरे मामले में ब्लॉक प्रमुख पति विपिन जल्होत्रा ने भी अपना पक्ष रखा है।
उन्होंने कहा कि पूरे विवाद में उन्होंने किसी के साथ ही मारपीट नहीं की है। बल्कि टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारियों के द्वारा ही मारपीट की गयी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस मामले में पूरी जानकारी जुटाने के बाद ही कोई कदम उठाना चाहिये। बहरहाल, पूरे मामले में सोशल मीडिया पर लोग टोल प्लाजा के कर्मचारियों के बारे में खूब लिख रहे हैं। जिससे प्रतीत होता है कि चुकटी देवरिया स्थित टोल कर्मचारियों से कई लोग सताए हुये हैं। ऐसे में साफ है कि अगर टोल प्लाजा का यह विवाद बढ़ता है तो यह बड़ आंदोलन की ओर भी बढ़ सकता है।