ऊधम सिंह नगर। उत्तर प्रदेश से अवैध हथियारों की खेप लेकर ऊधम सिंह नगर में प्रवेश कर रहे दो आरोपियों को एसओजी और दिनेशपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शनिवार तड़के महतोष-मकरंदपुर मार्ग पर हुई मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी मनोज कुमार के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ अवैध तमंचे, आठ जिंदा कारतूस और चार खोखा कारतूस बरामद किए हैं। एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
एसएसपी अजय गणपति ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार और अनमोल यादव उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के महतोष-मकरंदपुर मार्ग पर संदिग्धों को रोकने के लिए घेराबंदी की गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मनोज कुमार घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पांच हजार में खरीदकर आठ हजार में बेचने की थी योजना
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बदायूं जिले के बिसौली निवासी महावीर से प्रति तमंचा पांच हजार रुपये में खरीदते थे और इन्हें आठ हजार रुपये में बेचने की योजना बना रहे थे। जांच में दोनों आरोपियों के तार रुद्रपुर निवासी बंटी कोली से जुड़े होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस अब हथियारों की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। बरामद हथियारों और कारतूसों के स्रोत का पता लगाने के साथ अवैध असलहा तस्करी के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।





