रुद्रपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद रामपुर के विकास खंड विलासपुर के कुछ गांवों में बर्ड फ्लू (H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा) के मामले सामने आने के बाद जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिले में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आदेश जारी करते हुए कहा कि एहतियात के तौर पर एक सप्ताह तक उत्तर प्रदेश से जिंदा मुर्गा-मुर्गी, मुर्गा मांस, अंडा आदि का परिवहन जिले में प्रतिबंधित रहेगा।
जिलाधिकारी ने कैंप कार्यालय में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिया कि जिले के पोल्ट्री फार्म पर कोई प्रतिबंध नहीं है, लेकिन मुख्य पशु चिकित्साधिकारी लगातार मुर्गियों की सैंपलिंग कराएं और बीमार या मृत पक्षियों की सूचना तुरंत दें। प्रभागीय वनाधिकारियों को भी पक्षियों की निगरानी करने और संदिग्ध स्थिति मिलने पर सूचना देने के निर्देश दिए गए।
उप जिलाधिकारियों, पशु चिकित्साधिकारियों और निकाय अधिकारियों को पोल्ट्री फार्म संचालकों व मुर्गा मांस व्यापारियों के साथ बैठक कर उन्हें सतर्क रहने को कहा गया है। यूपी से सटी सीमाओं पर पुलिस को मुर्गी, मांस और अंडा लाने वाले वाहनों की सख्त चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में फिलहाल बर्ड फ्लू का कोई मामला नहीं है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, डीएफओ यू.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी सहित सभी उप जिलाधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी और निकाय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।


