न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। मनोज सरकार एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वह लखनऊ से रुद्रपुर लौट रहे थे, तभी संडीला गांव के पास अचानक सामने आई नीलगाय से उनकी कार टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर क्षतिग्रस्त हो गई और मनोज सरकार को गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब वह अपने कार्यक्रम से लौट रहे थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन ने त्वरित मदद पहुंचाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया।


