न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। पश्चिम बंगाल, पांडिचेरी (पुडुचेरी) और असम में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक एवं प्रचंड जीत के उपलक्ष्य में आज रुद्रपुर स्थित भाजपा जिला मंत्री एडवोकेट प्रमोद मित्तल के कार्यालय पर भव्य रूप से मिष्ठान वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला तथा सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
ढोल-नगाड़ों की धुन और आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने नृत्य कर अपनी खुशी का इजहार किया। कार्यालय परिसर पूरी तरह से उत्सव के माहौल में नजर आया। इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री एडवोकेट प्रमोद मित्तल ने कहा कि यह जीत देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व, उनकी जनकल्याणकारी नीतियों और मजबूत निर्णय क्षमता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी जी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं, जिस पर जनता ने अपना भरोसा जताया है।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी की संगठनात्मक क्षमता और रणनीतिक कौशल की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन में पार्टी निरंतर सशक्त हो रही है और देशभर में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही है। साथ ही उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभा रहे नितिन नवीन जी के योगदान की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके जैसे समर्पित और कर्मठ नेताओं के प्रयासों से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिल रही है। उन्होंने आगे कहा कि यह विजय भाजपा कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, समर्पण और संगठन की मजबूती का भी परिणाम है। कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया, जिसके कारण जनता ने भाजपा को अपना आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर जाने-माने समाजसेवी सुरेंद्र अदलखा, अशोक गांधी, रवि अग्रवाल, मनोज कुमार, कुलदीप कुमार, सुनील कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी अपने साथियों के साथ मिलकर इस जीत का जश्न मनाया और कार्यक्रम को गरिमामय बनाया। प्रमोद मित्तल ने सभी कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक जीत की हार्दिक बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी ऊर्जा और उत्साह के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने मिलकर इस जीत को यादगार बनाया और संगठन की एकजुटता का परिचय दिया।


