34.1 C
Rudrapur
Monday, May 11, 2026

Rudrapur: भारत विकास परिषद द्वारा 63 दिव्यांगजनों को 87 कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स वितरित

अवश्य पढ़ें

न्यूज प्रिन्ट  रुद्रपुर। भारत विकास परिषद, विवेकानन्द शाखा रुद्रपुर द्वारा सिटी क्लब, रुद्रपुर में कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 63 दिव्यांगजनों को 87 कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स प्रदान किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष श्री हरीश ग्रोवर जी ने की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाबा विक्रमजीत सिंह जी “लाल”, महंत गुरुद्वारा अमृत सागर डेरा भजनगढ़, रुद्रपुर रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रसिद्ध अस्थि रोग विशेषज्ञ एवं सेवा भावी चिकित्सक डॉ. गुरसिमरत सिंह चीमा जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रान्तीय अध्यक्ष श्री मनोज अरोरा जी, प्रान्तीय संयोजक दिव्यांग सहायता श्री विरेन्द्र सुखीजा जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदेमातरम् के साथ हुआ। इसके पश्चात परिषद की परंपरा के अनुसार अतिथियों का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम परिचय प्रस्तुत करते हुए विवेकानन्द सेवा केंद्र के कोषाध्यक्ष श्री विमल अरोरा जी ने बताया कि भारत विकास परिषद द्वारा पिछले कई वर्षों से दिव्यांग सहायता सेवा कार्य निरंतर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016, 2019 एवं 2022 में आयोजित बड़े शिविरों में क्रमशः 146, 219 एवं 251 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग प्रदान किए गए।

उन्होंने आगे बताया कि सत्र 2024-25 से बड़े शिविरों के स्थान पर छोटे एवं नियमित शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसके लिए विवेकानन्द सेवा केंद्र का गठन किया गया। सेवा केंद्र के संचालन हेतु श्री अंकुर अग्रवाल जी द्वारा निःशुल्क स्थान उपलब्ध कराया गया, जहाँ दिव्यांगजनों के माप लिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि अपने स्थापना वर्ष 2015 से अब तक विवेकानन्द शाखा द्वारा 800 से अधिक दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग प्रदान किए जा चुके हैं।

कार्यक्रम में दिनांक 19 अप्रैल को लिए गए माप के आधार पर दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स वितरित किए गए।

मुख्य अतिथि महंत बाबा विक्रमजीत सिंह जी ‘लाल” ने अपने उद्बोधन में कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है तथा समाज को ऐसे सेवा कार्यों में निरंतर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने भारत विकास परिषद द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. गुरसिमरत सिंह चीमा जी ने कहा कि कृत्रिम अंग केवल शरीर को सहारा नहीं देते, बल्कि व्यक्ति के जीवन में आत्मविश्वास और सम्मान भी लौटाते हैं। उन्होंने परिषद के इस सेवा प्रकल्प को अत्यंत उपयोगी एवं मानवीय पहल बताया।

प्रान्तीय अध्यक्ष श्री मनोज अरोरा जी ने विवेकानन्द शाखा के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भारत विकास परिषद द्वारा समाज के सहयोग एवं सेवा भावना से ही ऐसे प्रकल्प निरंतर आगे बढ़ते हैं और अनेक परिवारों के जीवन में नई आशा का संचार करते हैं।

इस अवसर पर शाखा कोषाध्यक्ष श्री अभि अग्रवाल जी ने समाज द्वारा मिल रहे आर्थिक सहयोग एवं सेवा भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही ऐसे सेवा कार्य निरंतर गति प्राप्त कर रहे हैं तथा दिव्यांगजनों तक सहायता पहुँच पा रही है।

कार्यक्रम में शाखा एवं विवेकानन्द सेवा केंद्र से जुड़े अनेक कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनकी गरिमामयी उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया गया। शाखा अध्यक्ष श्री हरीश ग्रोवर जी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया तथा कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

कार्यक्रम का संचालन शाखा सचिव श्री अक्षय माहेश्वरी ने किया

कार्यक्रम में शाखा संरक्षक श्री संजय राधू, सेवा संयोजक शीशपाल सिंह, शाखा सदस्य अंजू सिंह, अंजू ग्रोवर, अंकिता जैन, मिथिलेश गंगवार, प्रतीक तुलसयान, राजेन्द्र कुमार, डॉ. पवन कक्कड़, हेमेन्द्र गंगवार, अंशुल गर्ग, लक्ष्य अग्रवाल, सूरज अग्रवाल, डॉ विशाल शर्मा, मनीष मित्तल, रामपाल सिंह एवं विवेक गुप्ता उपस्थित रहे

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर