न्यूज प्रिन्ट देहरादून। प्रदेश के 13 जनपदों के जिला पंचायत सदस्यों द्वारा गठित संगठन ने पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं और मांगों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात का समय मांगा है। इस संबंध में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भास्कर सम्मल ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट कर प्रतिनिधिमंडल के लिए जल्द बैठक तय करने का अनुरोध किया।

भेंट के दौरान संगठन की ओर से पंचायत प्रतिनिधियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आश्वासन दिया कि सरकारी व्यस्तताओं के चलते इस सप्ताह बैठक संभव नहीं है, लेकिन अगले सप्ताह संगठन के प्रतिनिधिमंडल को औपचारिक रूप से बैठक के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष भास्कर सम्मल ने कहा कि जिला पंचायत सदस्यों की समस्याओं और पंचायत हितों को लेकर संगठन लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन को महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि जल्द ही संगठन की ओर से विस्तृत मांग पत्र भी सौंपा जाएगा।
इस दौरान प्रदेश संयोजक जोत सिंह रावत और प्रदेश सचिव अंजली जोशी भी मौजूद रहे।


