न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने शुक्रवार शाम “ऑपरेशन प्रहार” के तहत विशेष पैदल गश्त अभियान चलाया। इस दौरान एसएसपी स्वयं भारी पुलिस बल के साथ रुद्रपुर मुख्य बाजार, रम्पुरा और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल मार्च करते नजर आए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य अपराधियों और असामाजिक तत्वों में भय पैदा करना, जनता से सीधा संवाद स्थापित करना और क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर बनाए रखना है। गश्त के दौरान मुख्य चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी दिखाई दी।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पैदल गश्त केवल ईंधन बचत का माध्यम नहीं बल्कि प्रभावी पुलिसिंग का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा चलाए जा रहे ईंधन बचत अभियान को आगे बढ़ाते हुए पुलिस विभाग भी अधिक से अधिक पैदल गश्त को प्राथमिकता दे रहा है।
गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संदिग्ध गतिविधियों, नशाखोरी, हुड़दंग और शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे।


