न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। भाजपा नेत्री एवं नगर पालिका परिषद की पूर्व अध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए वह लगातार प्रयास करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी होकर परिवार के पालन-पोषण में सहयोग करें, इसके लिए उन्हें मजबूत और सक्षम बनाया जाना जरूरी है।

मीना शर्मा ट्रांजिट कैंप में सामाजिक संस्था दृष्टिकोण के तत्वावधान में आयोजित कौशल सुधार योजना के अंतर्गत निशुल्क सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम में पहुंचने पर महिलाओं ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष रहते हुए भी उन्होंने महिलाओं के कल्याण और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की थीं। आगे भी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की गईं और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।


