न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर मुख्य बाजार स्थित बेलेजा ब्यूटी स्कूल के परिसर में आज उस समय बेहद हर्षोल्लास का माहौल देखने को मिला, जब व्यापार मंडल ने क्षेत्र की होनहार बिटिया को उसकी शानदार शैक्षणिक उपलब्धि पर सम्मानित किया। रुद्रपुर के जाने-माने व प्रतिष्ठित वसायिक प्रतिष्ठान बंटी मार्ट के स्वामी श्री बंटी बांगा जी की सुपुत्री एवं वयोवृद्ध व्यापारी व व्यापार मंडल के संरक्षक लक्ष्मण दास बांगा की पोती श्रेया बांगा ने अपनी कड़ी मेहनत, अटूट लगन और दृढ़ संकल्प की बदौलत एमबीबीएस की कठिन परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर ली है। अब वे आधिकारिक रूप से डॉक्टर बन गई हैं, जिससे पूरे बांगा परिवार सहित स्थानीय व्यापारिक समुदाय में खुशी की लहर दौड़ गई है।
बिटिया श्रेया बांगा की इस गौरवमयी और ऐतिहासिक उपलब्धि पर रुद्रपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा ने अन्य गणमान्य व्यापारियों के साथ बेलेजा ब्यूटी स्कूल पहुंचे। वहां उन्होंने होनहार बिटिया श्रेया बांगा को पारंपरिक रूप से चुनरी ओढ़ाकर, मिठाई खिलाकर और फूलों का सुंदर गुलदस्ता भेंट कर अपनी और पूरे व्यापार मंडल की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने बिटिया की पीठ थपथपाते हुए कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर हमारी बेटियां हर मुकाम हासिल कर रही हैं। डॉ. श्रेया बांगा ने चिकित्सा के क्षेत्र में जो सफलता अर्जित की है, वह न केवल बांगा परिवार के लिए बल्कि पूरे रुद्रपुर क्षेत्र के लिए एक अत्यंत गौरव का क्षण है।
यह सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी उच्च शिक्षा प्राप्त करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। व्यापार मंडल के वरिष्ठ सदस्य पंकज बांगा ने डॉ. श्रेया के उज्ज्वल, यशस्वी और सुखद भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आने वाले समय में एक कुशल डॉक्टर के रूप में समाज और देश की सेवा में अपना बहुमूल्य योगदान देंगी। इस अभिनंदन कार्यक्रम मे सामाजिक कार्यकर्ता और बांगा परिवार के आत्मीय जन उपस्थित रहे, जिन्होंने बिटिया को आशीर्वाद देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के संरक्षक लक्ष्मण दास बांगा, राजकुमार खनिजो, रवि बांगा, नवीन बांगा, तिलक बांगा, अशोक बांगा, व्यापार मंडल के पूर्व महामंत्री हरीश अरोरा, शिवेन सेठी,पवन गाबा पल्ली, जिम्मी बांगा, राकेश बांगा, विक्की बांगा, देवांश बांगा, अंश बांगा, प्रदीप अरोरा, शौर्य बांगा सहित अनेको व्यापारी मौजूद थे


