40.9 C
Rudrapur
Monday, June 15, 2026

प्रबुद्ध वर्ग राष्ट्र और समाज को दिशा देने वाली शक्ति : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

अवश्य पढ़ें

न्यूज प्रिन्ट,खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि समाज का प्रबुद्ध वर्ग राष्ट्र और समाज को दिशा देने वाली सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है। उनके विचार और सुझाव आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विकसित उत्तराखंड के निर्माण में प्रबुद्ध जनों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

खटीमा के एक निजी होटल में आयोजित प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान शिक्षा, चिकित्सा, पर्यटन, कृषि, साहित्य, उद्योग और अध्यात्म सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों ने अपने सुझाव और विचार साझा किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि ज्ञान, चेतना और सांस्कृतिक विरासत की भूमि भी है। उन्होंने कहा कि प्रबुद्धजन समाज के ‘ओपिनियन मेकर्स’ होते हैं और उनके सुझाव राज्य के विकास की मजबूत आधारशिला बन सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। मुख्यमंत्री ने धारा 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक कानून और नागरिकता संशोधन कानून जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए इन्हें नए भारत की इच्छाशक्ति का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रदेश के समग्र विकास और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, खेल और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से काम किए जा रहे हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा विरोधी कानून को राज्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने कहा कि राज्य का विकास केवल सरकारों के प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज की सोच, नागरिकों की भागीदारी और सामूहिक प्रयासों से संभव है। इसलिए सभी प्रबुद्धजन अपने अनुभव और सुझावों के माध्यम से उत्तराखंड के विकास में योगदान दें।

मुख्य सेवक जन संवाद में कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बंडिया स्थित एक निजी रिसोर्ट में आयोजित मुख्य सेवक जन संवाद कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, आधारभूत संरचना, अर्थव्यवस्था, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के मंत्र के साथ प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने में सहयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों के साथ टिफिन बैठक कर मध्याह्न भोजन किया और संगठन को भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति बताया।

इस अवसर पर दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, दर्जा राज्य मंत्री हुकम सिंह कुंवर, मोहन पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, अध्यक्ष नगर पंचायत नानकमत्ता प्रेम सिंह टुरना, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तम सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं जनता उपस्थित थे।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर