न्यूज प्रिन्ट,खटीमा। NEET, UGC-NET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों को लेकर शुक्रवार को खटीमा में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक होने से देशभर के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत और तैयारी के बावजूद अभ्यर्थियों को बार-बार ऐसी घटनाओं के कारण निराशा का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की।
जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित है और लगातार हो रही घटनाओं से अभ्यर्थियों का मनोबल टूट रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को इसकी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि यदि परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के हितों की रक्षा नहीं की गई तो कांग्रेस भविष्य में भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी।
इस अवसर पर विधायक भुवन कापड़ी, नानकमत्ता विधायक गोपाल राणा, ब्लॉक अध्यक्ष सतनाम सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद चंद, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मान सिंह, बॉबी राठौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


