32.6 C
Rudrapur
Saturday, July 18, 2026

रानीखेत की मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं को मिली रफ्तार, रुद्रपुर में बनेगा अत्याधुनिक विकास प्राधिकरण कार्यालय

अवश्य पढ़ें

न्यूज प्रिन्ट,देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आवास विभाग ने रानीखेत की प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग योजनाओं और ऊधमसिंहनगर विकास प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन निर्माण की समीक्षा करते हुए दोनों परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजनाओं की तकनीकी, वित्तीय और निर्माण संबंधी प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

रानीखेत में जाम से राहत के लिए दो मल्टीलेवल पार्किंग पर जोर

बैठक में रानीखेत के गैस गोदाम-आशियाना पार्क क्षेत्र और रोडवेज स्टेशन के समीप प्रस्तावित दो बहुमंजिला पार्किंग परियोजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को दोनों योजनाओं की व्यवहार्यता, पार्किंग क्षमता, संभावित राजस्व और संचालन मॉडल का पुनर्मूल्यांकन कर संशोधित प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।

गैस गोदाम-आशियाना पार्क क्षेत्र में प्रस्तावित चार मंजिला पार्किंग में 59 वाहनों की पार्किंग के साथ महिला एवं पुरुष शौचालय की व्यवस्था होगी। यह क्षेत्र सदर बाजार के समीप होने के कारण यहां अक्सर पार्किंग के अभाव में जाम की स्थिति बनी रहती है।

वहीं रोडवेज स्टेशन के पास प्रस्तावित दूसरी पार्किंग में 13 चारपहिया और 141 दोपहिया वाहनों सहित कुल 154 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। परियोजना को छावनी परिषद की अनापत्ति भी प्राप्त हो चुकी है।

रुद्रपुर में बनेगा आधुनिक विकास प्राधिकरण कार्यालय

बैठक में ऊधमसिंहनगर जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सचिव आवास ने निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा भवन को ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए।

रुद्रपुर की ग्राम कल्याणपुर में 8740 वर्गमीटर भूमि पर बनने वाले इस कार्यालय की अनुमानित लागत 18.01 करोड़ रुपये है। वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 50 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 20 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।

ग्रीन बिल्डिंग होगी विशेषता

प्रस्तावित भवन में सोलर ऊर्जा प्रणाली, वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। कुल भूमि का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा भवन निर्माण के लिए और शेष क्षेत्र पार्किंग व लैंडस्केपिंग के लिए उपयोग किया जाएगा।

भारत सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की स्वीकृत परियोजनाओं में इस भवन को शामिल करते हुए दो करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान की है, जबकि शेष राशि प्राधिकरण की अवस्थापना निधि से खर्च की जा रही है।

बैठक में सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि रानीखेत में बेहतर पार्किंग व्यवस्था से जाम की समस्या कम होगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं रुद्रपुर में बनने वाला नया कार्यालय आधुनिक प्रशासनिक सुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण का बेहतर उदाहरण बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखते हुए दोनों परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर