न्यूज प्रिन्ट, रुद्रपुर। काशीपुर बाईपास के चौड़ीकरण को लेकर विभागीय स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद अब सड़क चौड़ीकरण की राह में आ रही विद्युत और पेयजल लाइनों को शिफ्ट करने का काम शुरू हो गया है। इससे लंबे समय से प्रस्तावित परियोजना के धरातल पर आगे बढऩे की उम्मीद बढ़ी है। अतिक्रमण हटाने के बाद विद्युत विभाग ने मार्ग में आने वाले बिजली के पोलों को दूसरी जगह शिफ्ट करने और जरूरत के अनुसार नए पोल लगाने का काम शुरू किया है। इसके बाद जल संस्थान ने भी पानी की पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य शुरू कर दिया है।
बाईपास के अलग-अलग हिस्सों में खुदाई कर अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। विभागों की ओर से शुरू किए गए कार्यों के बाद क्षेत्र के लोगों और व्यापारियों को उम्मीद है कि बाईपास चौड़ीकरण का काम जल्द आगे बढ़ेगा। काशीपुर बाईपास पर यातायात का दबाव अधिक होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है। चौड़ीकरण पूरा होने के बाद लोगों को आवागमन में राहत मिलने की संभावना है।
विधायक शिव अरोरा की ओर से काशीपुर बाईपास को चौड़ा कर रुद्रपुर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाता रहा है। अतिक्रमण हटाने के बाद अब संबंधित विभागों द्वारा बुनियादी ढांचे को स्थानांतरित करने का काम शुरू किए जाने से परियोजना के निर्माण चरण की तैयारियां आगे बढ़ रही हैं। बताया गया कि सड़क चौड़ीकरण से पहले बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं से जुड़ी लाइनों को व्यवस्थित तरीके से शिफ्ट किया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्य के दौरान किसी तरह की बाधा न आए। संबंधित विभागों के बीच समन्वय के साथ काम पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। काशीपुर बाईपास का चौड़ीकरण पूरा होने पर न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है, बल्कि शहर में आवागमन को सुगम बनाने और भविष्य में बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करने में भी मदद मिल सकती है।


