कांग्रेस के कई और कार्यकर्ता भी गिरफ्तार
न्यूज प्रिन्ट, रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जिला मुख्यालय दौरे के दौरान अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन देने जा रहे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सिटी क्लब के पास हिरासत में ले लिया। ठुकराल अपने समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर उन्हें घेरकर हिरासत में लिया।

कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ठुकराल ने कहा कि वह मुख्यमंत्री का विरोध करने नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की समस्याओं से उन्हें अवगत कराने पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक और सुविधाएं नहीं होने से मरीजों को परेशानी हो रही है। साथ ही मेडिकल कॉलेज में कक्षाएं शुरू नहीं होने का मुद्दा भी उठाया।


