जनप्रतिनिधियों ने प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारने का किया आह्वान
बबलू पाल न्यूज प्रिंट रुद्रपुर। धौलपुर क्षेत्र के ग्राम महेशपुर में चल रही श्रीरामलीला के तहत निकली प्रभु श्रीराम की बारात का भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं समाजसेवी राजेश बजाज के आवास पर भव्य स्वागत किया गया। राम बारात के पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के जयकारे लगाए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोड़ा, ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, समाजसेवी हरीश मुंजाल, सरदार सुखदेव सिंह, सांसद प्रतिनिधि विपिन जलोतरा, सुशील बजाज, विजय मुंजाल, राजन मुंजाल, सुरेंद्र गुंबर, शिवम बटला, पंकज बटला, मनीष मुंजाल, गुलशन बजाज, राजेश खुराना, अशोक मुंजाल, चिराग मुंजाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।राम बारात के स्वागत के दौरान अतिथियों ने प्रभु श्रीराम का तिलक कर पूजा-अर्चना की।

इस दौरान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों, सत्य, त्याग, सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और भगवान श्रीराम के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।समाजसेवी राजेश बजाज ने बताया कि महेशपुर में प्रतिवर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ श्रीरामलीला का मंचन किया जाता है। इस वर्ष भी रामलीला का शुभारंभ हो चुका है और विभिन्न प्रसंगों का सुंदर मंचन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आसपास के गांवों के साथ ही दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण रामलीला देखने पहुंच रहे हैं।उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य के मार्ग पर चलने, माता-पिता का सम्मान करने, समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और सभी के साथ प्रेम एवं सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। रामलीला के माध्यम से इन्हीं मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।इस दौरान ग्राम प्रधान शिशु देव, महेंद्र सिंह सैनी, बीटीसी सदस्य मुकेश कुमार तथा श्रीरामलीला कमेटी महेशपुर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। राम बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रभु श्रीराम के दर्शन किए और धार्मिक आयोजन का आनंद लिया।
बॉक्स: 25 वर्षों से महेशपुर में हो रही रामलीला, बुजुर्गों की परंपरा को आगे बढ़ा रहे ग्रामीण
रुद्रपुर संरक्षक राजेश बजाज ने बताया कि महेशपुर गांव में पिछले 25 वर्षों से लगातार श्रीरामलीला का आयोजन किया जा रहा है। गांव के बड़े-बुजुर्गों ने जिस धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा की शुरुआत की थी, उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ग्रामीण आज भी पूरे उत्साह के साथ रामलीला का आयोजन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रामलीला के आयोजन में गांववासियों, समाजसेवियों और बुजुर्गों का हमेशा आशीर्वाद एवं सहयोग मिलता रहा है। गांव के छोटे-बड़े सभी लोग बढ़-चढ़कर आयोजन में हिस्सा लेते हैं। बुजुर्गों द्वारा दी गई सीख और उनके मार्गदर्शन को मानते हुए पिछले 25 वर्षों से यह आयोजन निरंतर किया जा रहा है।राजेश बजाज ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गांव की एकता, संस्कृति और आपसी भाईचारे का प्रतीक भी है। हर वर्ष ग्रामीण हर्षोल्लास के साथ रामलीला में भाग लेते हैं और नई पीढ़ी को प्रभु श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का प्रयास करते हैं। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों एवं समाजसेवियों का आभार जताया।


