
न्यूज प्रिंट रुद्रपुर – भारतीय नौसेना के तटरक्षक दल और गुजरात पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए अरब सागर में 3000 करोड़ की ड्रग्स पकड़ ली। इस मामले में पांच पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस अभियान में तटरक्षक दल की टीम में रुद्रपुर निवासी शमशेर सिंह भी शामिल रहे जो बतौर कोस्ट गार्ड नौसेना में तैनात हैं। कोस्ट गार्ड शमशेर सिंह के बड़े भाई आवास विकास रूद्रपुर निवासी सुल्तान सिंह ने बताया कि उनके छोटा भाई शमशेर 12 वर्ष पूर्व नौसेना में तैनात हुए। जो सबसे पहले गोवा, अंडमान निकोबार और वर्तमान समय में केरल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह पूर्व जब भारतीय तटरक्षक दल अरब सागर में तैनात था तभी उन्हें संदिग्ध रूप से आ रही एक नौका दिखाई दी।

भारतीय तटरक्षक दल ने घेराबंदी कर नौका को रोक लिया और जब उसकी तलाशी ली गई तो उसमें लगभग 526 किलोग्राम हेरोइन ड्रग और अन्य मादक पदार्थ बरामद हुए। भारतीय तटरक्षक दल ने इस मामले में नौका में सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में ले लिया। बरामद ड्रग्स और हिरासत में लिए गए पाकिस्तानी नागरिकों को मुंबई की एजेंसियो के हवाले कर दिया गया है। बरामद ड्रग्स की कीमत लगभग 3000 करोड़ बताई जा रही। बताया जा रहा है कि समुद्री रास्ते से भारत में नशीले पदार्थों को पहुंचाने के लिए दुश्मन देश लगातार प्रयास कर रहे हैं लेकिन भारत की नौसेना लगातार उन पर नजर बनाए हुए हैं और उनके नापाक मंसूबों को असफल कर रही है। भारतीय नौसेना की यह एक बहुत बड़ी कामयाबी है। एक सप्ताह पूर्व हुए इस आपरेशन को लेकर आज भारतीय नौसेना ने पूरी कार्रवाई समाप्त होने के पश्चात इसका खुलासा किया है। रुद्रपुर निवासी भारतीय तटरक्षक दल में कोस्ट गार्ड शमशेर सिंह की इस उपलब्धि पर शहर वासियों ने हर्ष जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी।


