श्रमदान कर स्व’छता का दिया संदेश, बोले- स्व’छता निरंतर चलने वाला अभिया
न्यूज प्रिन्ट नानकमता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नानकमता पहुंचे। उन्होंने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नानकमता साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए स्वयं श्रमदान किया।
मुख्यमंत्री ने परिसर की साफ-सफाई करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की गरिमा और पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, आसपास और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्वच्छता कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा श्री नानकमता साहिब कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
स्वच्छ धार्मिक स्थल उत्तराखंड की पहचान

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन राज्यों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थलों के साथ ही बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों और सरकारी कार्यालयों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ देशभर में सेवा और जनभागीदारी की भावना के साथ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नानकमता साहिब जैसे पवित्र स्थल पर स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे जनसेवा कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपना जीवन देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि सेवा और समर्पण की इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, गुरुद्वारा कमेटी अध्यक्ष सरदार जोगेंद्र सिंह, महासचिव सरदार अमरजीत सिंह बोपराय, सचिव सरदार हरभजन सिंह सहित कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्रा, एसडीएम ऋचा सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।





