एकलव्य विद्यालय को १० करोड़ की सौगात
खटीमा, खटीमा में तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का भव्य आगाज हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। रंगोत्सव के दौरान उत्तराखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत के विविध रंग देखने को मिले। मुख्यमंत्री ने कलाकारों के साथ पारंपरिक वेशभूषा में थिरकने के साथ खुद ढोल भी बजाया और जनजातीय संस्कृति के प्रति अपना जुड़ाव प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दोनों केंद्रीय मंत्रियों को पौधा और महाराणा प्रताप की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। वहीं ‘हनुमान’ अंश फिल्म के कलाकारों को भी मंच पर शुभकामनाएं देते हुए पौधा, हनुमान जी की गदा और नीम करौली बाबा की तस्वीर भेंट की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आदि रंगोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनजातीय विरासत, परंपरा और गौरव को सम्मान देने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि खटीमा की सांस्कृतिक विविधता इसे अपने आप में ‘मिनी इंडिया’ का स्वरूप देती है। रोड शो के दौरान भी उन्हें विभिन्न समुदायों की परंपराओं और संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले।
जनजातीय समाज के विकास को सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर आधारभूत सुविधाओं से जोड़कर सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने एकलव्य आवासीय विद्यालयों के लिए केंद्र सरकार के सहयोग की सराहना करते हुए खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के आधुनिकीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये की घोषणा के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। साथ ही पिथौरागढ़ क्षेत्र में एक और आवासीय एकलव्य विद्यालय स्थापित करने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि आवास, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में जनजातीय परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अटल आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में जनजातीय परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत प्रथम चरण में 824 और द्वितीय चरण में 101 आवासों का निर्माण किया जा चुका है। वहीं ऊधम सिंह नगर जिले में अटल आवास योजना के तहत तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।
शिक्षा और छात्रावासों पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आश्रम पद्धति विद्यालयों, छात्रावासों और आईटीआई संस्थानों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बाजपुर में 100 बेड के बालक छात्रावास का निर्माण कराया जा रहा है। विद्यालय के निर्माण पर 16 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं, जबकि बालिका छात्रावास के लिए चार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। थारू राजकीय इंटर कॉलेज के सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण का कार्य भी किया जा रहा है।

उन्होंने खटीमा के अंजनिया गांव निवासी बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा और चारूबेटा की बेटी टीला सेन को माउंट एवरेस्ट फतह करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों की उपलब्धि ने थारू समाज के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से जनजातीय समाज को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने, उनके विपणन को बढ़ावा देने और रिवॉल्विंग फंड व निवेश सहायता के माध्यम से स्वरोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनजातीय संस्कृति को संरक्षित करने के साथ ही समाज के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। आदि रंगोत्सव इसी समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और जनजातीय समाज के सम्मान एवं सशक्तीकरण का संदेश देने का महत्वपूर्ण मंच है।





