डिबडिबा में अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने तीन बाइक सवारों ने बरसाईं गोलियां, मौके पर मौत
रामपुर/रुद्रपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के डिबडिबा में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से सनसनी फैल गई। अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने तीन अज्ञात बाइक सवारों ने संदीप चौहान उर्फ सन्नी उर्फ सनिया पुत्र तेजपाल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सिर में तीन से चार गोलियां लगने की सूचना है। गोली लगने से सनी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि सनी करीब 15 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वर्ष 2016 से 2026 के बीच उसके खिलाफ कुल 16 मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आ रही है। इनमें लूट, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं के मामले शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि मुकदमों की संख्या और उनकी वर्तमान स्थिति की पुलिस स्तर से विस्तृत पुष्टि होना बाकी है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। बिलासपुर कोतवाल जीत सिंह और सीओ हर्षिता सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस सनी के पुराने आपराधिक मामलों के साथ ही जेल से बाहर आने के बाद उसकी गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य वजह होने की आशंका को लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल वारदात का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस तीनों हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। हत्या के पीछे की असली वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

16 मुकदमों का बताया जा रहा है आपराधिक इतिहास
रुद्रपुर। सनी के खिलाफ वर्ष 2016 से 2026 के बीच 16 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आ रही है। इनमें लूट, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामले बताए जा रहे हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और पुराने विवादों की जानकारी जुटा रही है। खास बात यह है कि सनी करीब 15 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आने के कुछ ही दिन बाद उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। अब पुलिस इसी अवधि में उसके संपर्क में रहे लोगों और उसकी गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।






